क्या जदयू में पड़ गई है फूट? प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी को सीएए का विरोध करने पर दिया धन्यवाद
नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में वोट करने वाली जनता दल यूनाइटेड दो गुट में बंटती हुई नजर आ रही है। जदयू के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने एक बार फिर इस कानून के विरोध में अपनी आवाज बुंलद की है। प्रशांंत किशोर ने राहुल गांधी को इस कानून का विरोध करने के लिए धन्यवाद दिया है। गौरतलब है कि सोमवार को दिल्ली के राजघाट पर कांग्रेस ने इस कानून के विरोध में सत्याग्रह किया था। इस मौके पर राहुल, सोनिया, प्रियंका गांधी सहित कई कांग्रेसी नेता शामिल थे।
अपने ट्वीट में प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी को नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ नागरिकों के आंदोलन में शामिल होने पर धन्यवाद कहा। उन्होंने उनसे कांग्रेस राज्यों में एनआरसी लागू न करने की घोषणा करने की भी बात कही।
प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर कहा, 'सीएए एनआरसी के खिलाफ नागरिकों के आंदोलन में शामिल होने के लिए धन्यवाद राहुल गांधी। लेकिन जैसा कि आप जानते हैं लोगों के प्रदर्शन से इतर हमें एनआरसी को रोकने के लिए राज्यों को इसे लागू करने मना करने को कहना पड़ेगा। हमें उम्मीद है कि आपने कांग्रेस अध्यक्ष को मना लिया होगा कि वह आधिकारिक तौर पर यह घोषणा कर सकें कि कांग्रेस शासित राज्यों में एनआरसी लागू नहीं होगा।'
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार से जदयू द्बारा इस कानून के पक्ष में वोट डालने के बाद मुलाकात की थी। इसके बाद नितीश कुमार के सुर भी बदले-बदले लग रहे हैं। उन्होंने भी बिहार में एनआरसी लागू नहीं करने की बात कही है।
Keep up with what Is Happening!