Good Friday 2023: कब है गुड फ्राइडे? जानें कैसे मनाया जाता है ये दिन और क्या है इसका इतिहास

हर साल अक्सर अप्रैल के महीने में गुड फ्राइडे पड़ता है। ऐसे में चलिए जानते हैं इस साल का गुड फ्राइडे कब है और ये दिन क्यों मनाया जाता है...
Good Friday 2023: कब है गुड फ्राइडे? जानें कैसे मनाया जाता है ये दिन और क्या है इसका इतिहास

गुड फ्राइडे ईसाई धर्म का एक खास पर्व है। इस दिन को ईसाई समुदाय के लोग काले दिवस के रूप में मनाते हैं। गुड फ्राइडे को होली फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे या ग्रेट फ्राइडे भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन प्रभु यीशु मसीह को कई यातनाएं देने के बाद सूली पर चढ़ाया गया था।

ईसाई धर्म के लोग गुड फ्राइडे के दिन को प्रभु यीशु के बलिदान दिवस के रूप याद करते हैं। ये दिन ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए बेहद ही खास होता है। इस दिन लोग गिरिजाघरों में जाकर प्रार्थना करते हैं। साथ ही प्रभु यीशु की याद में लोग उपवास करते हैं और मीठी रोटी बनाकर खाते हैं।

हर साल अक्सर अप्रैल के महीने में गुड फ्राइडे पड़ता है। ऐसे में चलिए जानते हैं इस साल का गुड फ्राइडे कब है और ये दिन क्यों मनाया जाता है...

गुड फ्राइडे 2023 कब है? :-

गुड फ्राइडे हर साल ईस्टर संडे से पहले पड़ने वाले शुक्रवार को आता है। इस साल ईस्टर संडे 09 अप्रैल को है। ऐसे में गुड फ्राइडे 07 अप्रैल को मनाया जाएगा।

क्यों मनाया जाता है गुड फ्राइडे? :-

प्रभु ईसा मसीह प्रेम और शांति के मसीहा थे। दुनिया को प्रेम और करुणा का संदेश देने वाले प्रभु यीशु को उस समय के धार्मिक कट्टरपंथी ने रोम के शासक से शिकायत करके उन्हें सूली पर लटका दिया था। यही वजह है कि ईसाई धर्म को मानने वाले लोग गुड फ्राइडे को काले दिवस के रूप में मनाते हैं। लेकिन कहा जाता है कि प्रभु यीशु इस घटना के तीन दिन बाद यानी ईस्टर संडे के दिन पुनः जीवित हो उठे थे।

कैसे मनाया जाता है गुड फ्राइडे? :-

ईसाई धर्म के लोग गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु के बलिदान को याद करते हैं। इस दिन लोग काले रंग के वस्त्र पहनकर प्रभु यीशु के बलिदान दिवस पर शोक मनाते हैं। साथ ही गिरजाघरों में जाकर विशेष प्रार्थना करते हैं।

इस दिन गिरजाघरों में घंटा नहीं बजाया जाता है, बल्कि लकड़ी के खटखटे बजाए जाते हैं। साथ ही लोग चर्च में क्रॉस को चूमकर प्रभु यीशु का स्मरण करते हैं। इस दिन लोग प्रभु यीशु के उपदेशों का स्मरण करते हैं और उन्हें अपने जीवन में ढालने की कोशिश करते हैं। लोग प्रभु यीशु के बताए प्रेम, सत्य और विश्वास के मार्ग पर चलने की शपथ लेते हैं।

दान-धर्म के किए जाते हैं कार्य :-

मान्यता है कि गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु को याद करते हुए दान-धर्म के कार्य किए जाते हैं। व्रत के बाद मीठी रोटी बनाकर खाई जाती है और लोगों में वितरित किया जाता है।

गुड फ्राइडे नाम क्यों पड़ा? :-

इस दिन प्रभु यीशु ने अपने प्राण त्यागे थे फिर भी लोग इसे गुड फ्राइडे कहते हैं। ऐसा कहने के पीछे का कारण ये है कि लोग इसे एक पवित्र दिन मनाते हैं। इस दिन लोग ईसा मसीह के बलिदान को याद करते हैं। चर्च में सेवा करके उन पलों को याद करते हैं जब यीशु ने मानव सेवा के लिए अपने प्राण त्याग दिए थे। 

Keep up with what Is Happening!

Related Stories

No stories found.
Best hindi news platform for youth. हिंदी ख़बरों की सबसे तेज़ वेब्साईट
www.yoyocial.news