
आमतौर पर देखा गया है कि लोग जब अपने घर में घड़ी लगाते हैं,तो वे अपनी सुविधानुसार कहीं भी लगा देते हैं। उचित दिशा का ध्यान नहीं रखते। जिसका बुरा असर उनकी लाइफ पर पड़ता है।
वास्तु के अनुसार गलत दिशा में घड़ी लगाने से आपको अनेकों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन वहीं सही दिशा में लगी हुई घड़ी आपके जीवन को सुखी और समृद्धि बना सकती है। आइए जानते हैं क्या कहता है घड़ी का वास्तु नियम।
इन दिशाओं में न लगाएं :-
वास्तुशास्त्र के अनुसार घर में घड़ी लगाते वक्त वास्तु नियमों का विशेष रूप से ख्याल रखना चाहिए। जिस प्रकार सही दिशा में घड़ी लगाने से अच्छे परिणाम देखने को मिलते हैं उसी प्रकार घर या ऑफिस में गलत दिशा में लगी हुई घड़ी आपके लिए नकारात्मक परिणाम ला सकती है। इसलिए सही दिशा का चुनाव करना बेहद जरूरी है।
वास्तु के अनुसार दक्षिण दिशा की दीवार या मेज आदि पर घड़ी होने से घर के मुखिया के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। इसी प्रकार दरवाजे के ठीक उपर कभी घड़ी नहीं लगानी चाहिए। ऐसा होने से दरवाजे के उपर लगी घड़ी घर में मानसिक तनाव को बढ़ा सकती है।
बंद और टूटी-फूटी वस्तुएं राहु के प्रभाव को बढ़ाती हैं जो तमाम परेशानियों और दुर्भाग्य का कारण बन सकती हैं, इसलिए भूलकर भी घर में बंद और टूटी घड़ी नहीं रखना चाहिए। सिर्फ बंद घड़ी ही नहीं बल्कि गलत समय बताने वाली घड़ी भी वास्तु दोष उत्पन्न करती हैं। ऐसे में या तो घड़ी को सही करवाकर उसका टाइम सही करवा दें या फिर उसे घर से बाहर निकाल दें। वास्तु के अनुसार घर में बहुत गहरे रंग जैसे काले, नीले आदि की घड़ी को लगाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे रंग नकारात्मक ऊर्जा के परिचायक हैं।
कहां और कैसी घड़ी रहेगी शुभ :-
वास्तु के अनुसार पूर्व और उत्तर दिशा में सत्व ऊर्जा का प्रवाह अधिक होता है इसलिए घर में घड़ी हमेशा पूर्व या उत्तर दिशा में लगानी चाहिए। दीवार पर पेंडुलम वाली घड़ी लगाना भी बहुत शुभ माना गया है। ऐसी घड़ी घर में प्रेम, प्रगति और सामंजस्य लाती है इससे जीवन की तकलीफें दूर होती हैं।
पेंडुलम वाली घड़ी को घर के ड्राइंग रूम में लगाना चाहिए। इसी प्रकार घर में घड़ी को लगाते समय उसके आकार पर भी ध्यान देना चाहिए।वास्तु शास्त्र के अनुसार गोल, चौकोर, अंडाकार या आठ व छः भुजाओं वाली घड़ी लगानी चाहिए। इससे वहां की सकारात्मकता बढ़ती है। वहीं नुकीले आकार वाली घड़ी को घर में लगाने से बचना चाहिए।
Keep up with what Is Happening!