
बीते साल आई बाढ़ ने आर्थिक तौर पर खस्ताहाल पाकिस्तान की कमर तोड़ कर रख दी। यही वजह है कि बाढ़ के हालात से उबरने के लिए पाकिस्तान ने दुनिया भर के देशों से मदद मांगी है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अगले तीन साल में पाकिस्तान को 8 बिलियन डॉलर की आर्थिक मदद देने की अपील की है ताकि बाढ़ प्रभावितों के पुनर्वास का काम किया जा सके।
International Conference on Climate Resilient Pakistan कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके देश को बाढ़ से उबरने में कम से कम 16 बिलियन यूएस डॉलर की जरूरत पडे़गी।
इनमें से आधी रकम विदेशों से मदद के तौर पर मांगी गई है। इस कॉन्फ्रेंस को पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस के साथ मिलकर आयोजित किया था। जिसका उद्देश्य बाढ़ पीड़ितों के लिए फंड जुटाना है।
बता दें कि बीते साल पाकिस्तान में आई बाढ़ से 1739 लोगों की मौत हो गई थी और 3 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे। इस बाढ़ में पाकिस्तान के 80 लाख से ज्यादा लोगों को विस्थापित होना पड़ा और 8 हजार किलोमीटर से ज्यादा की सड़कें तबाह हो गईं।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक पाकिस्तान में बाढ़ के चलते 90 लाख लोग गरीबी रेखा के नीचे चले गए हैं। एक अनुमान के मुताबिक पाकिस्तान को बाढ़ के हालात से पूरी तरह उबरने में करीब 30 बिलियन डॉलर की जरूरत होगी। कॉन्फ्रेंस के दौरान संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने भी दुनिया भर के देशों से पाकिस्तान की मदद करने की अपील की।
Keep up with what Is Happening!