एक बार फिर बजेंगे दांत, उत्तर भारत में अगले चार दिन शीतलहर का अनुमान
तापमान में हो रही गिरावट के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तरी मैदानी क्षेत्रों के वास्ते अगले चार दिनों के लिए शीतलहर के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी वर्षा के पूर्वानुमान के साथ ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने कहा कि उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
विभाग की ओर से कहा गया है कि शुष्क उत्तरी/ उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अगले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। इससे पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़, और दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की आशंका है।
बिहार और झारखंड में भी सर्दी की वापसी होने के आसार, पटना, भागलपुर समेत कई शहरों में तापमान में भारी गिरावट
उम्मीद है कि बिहार में तापमान में इसी तरह से गिरावट जारी रहेगी। अगले चार-पाँच दिनों के दौरान दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट होगी जिससे सर्दी बढ़ने की संभावना है। जबकि झारखंड में हवाओं का प्रभाव बढ़ने से तापमान सामान्य के करीब पहुंचेगा।
उत्तर प्रदेश-राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट
विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में तथा उत्तरप्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर अगले तीन दिन शीत लहर/ तेज शीतलहर चलने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत में छिटपुट स्थानों पर सामान्य से घना कोहरा छाया रह सकता है।
कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ी गलन
कश्मीर में आज पहले से राहत है लेकिन गलन कम नहीं हुई है। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी के कारण काफी सर्दी बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश के केलांग और काल्पा में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है तो वहीं कश्मीर में डल झील जम चुकी है और राज्य के कई इलाकों में पारा शून्य से काफी नीचे है। हिमाचल, उत्तराखंज और कश्मीर में बर्फबारी का दौर यूं ही जारी रहेगा और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि अगले -3-4 दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में भयंकर शीतलहर चलेगी और लोगों को गलन का सामना करना पड़ेगा।
विभाग ने 13-16 जनवरी के लिए पंजाब, हरियाणा और उत्तरप्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसने 13 जनवरी के लिए राजस्थान के लिए भी अलर्ट जारी किया है।
कोमोरिन क्षेत्र में चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में अगले 2-3 दिन वर्षा होने की संभावना है।
Keep up with what Is Happening!