इंडोनेशिया में लापता विमान तेज धमाके के साथ हुआ था क्रैश, 6 क्रू मेंबर व सभी 56 यात्रियों की मौत की आशंका
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान दुर्घटना का शिकार हो समुद्र में जा गिरा। उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया। घरेलू उड़ान भर रहे इस विमान में 62 लोग सवार थे, जिनमें से किसी के भी बचने की गुंजाइश नहीं है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है। इंडोनेशिया के परिवहन मंत्री बुदि करया सुमादी ने कहा कि उड़ान 'एसजे182' ने एक घंटे देरी से स्थानीय समयानुसार अपराह्न 2:36 बजे उड़ान भरी थी, जिसका करीब चार मिनट बाद रडार से संपर्क टूट गया। इससे पहले पायलट ने 29,000 फुट की ऊंचाई पर जाने के लिए हवाई यातायात नियंत्रक से संपर्क किया था।
वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने एक धमाके की आवाज सुनी। बीबीसी के मुताबिक एक स्थानीय मछुआरे ने हादसा होते हुए देखा, जिसके बाद वे अपने कैप्टन के साथ द्वीप पर वापस लौट गए। मछुआरे ने बीबीसी को बताया, ''विमान समुद्र में बिजली की तरह गिरा और पानी में जोरदार धमाका हुआ। हम पास में ही थे, विमान का कुछ मलबा हमारे जहाज से भी टकराया।'' वहीं, स्थानीय मीडिया के मुताबिक, ''थाउजैंड द्वीप समूह'' में मछुआरों ने शनिवार दोपहर को कुछ लोहे के टुकड़े देखे हैं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि ये विमान के हिस्से हो सकते हैं।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया। घरेलू उड़ान भर रहे इस विमान में 62 लोग सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता अदिता इरावती ने कहा कि बोइंग 737-500 विमान ने दोपहर करीब 1:56 बजे जकार्ता से उड़ान भरी और अपराह्न करीब 2:40 बजे इसका संपर्क नियंत्रण टावर से टूट गया।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विमान ने जकार्ता से पोंटियनाक के लिए उड़ान भरी थी जो इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप स्थत पश्चिम कालीमंतन प्रांत की राजधानी है। इस उड़ान की अवधि करीब 90 मिनट थी। इस विमान पर 56 यात्रियों के अलावा चालक दल के छह सदस्य सवार थे। इरावती ने एक बयान में कहा, ''राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति के साथ समन्वय स्थापित कर लापता विमान की तलाश की जा रही है।''
जकार्ता से पोंटियनाक जाने वाले विमान की अधिकतर यात्रा जावा समुद्र के ऊपर से ही गुजरती है। अब तक लापता विमान के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। दुनियाभर में रियलटाइम एयर ट्रैफिक पर निगाह रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24.कॉम के मुताबिक, "श्रीविजय एयर फ्लाइट SJ182 एक मिनट से भी कम समय में 10,000 फीट तक नीचे आ गया। जकार्ता से उड़ान भरने के करीब चार मिनट के बाद यह हुआ।"



Keep up with what Is Happening!