
सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नये मुख्यमंत्री होंगे। पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे।
शनिवार शाम को विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा की। हिमाचल में पहली बार उप मुख्यमंत्री बनेगा। नई सरकार का शपथ ग्रहण रविवार को होगा।
58 साल के सुखविंदर सिंह सुक्खू अब हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वहीं 60 वर्षीय मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। हिमाचल में कांग्रेस विधायकों को एकजुट रखने और गुटबाज़ी खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री का फार्मूला निकाला गया है।
विधायक दल की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होगा।
सुक्खू हमीरपुर जिले के नादौन से विधानसभा के लिए चुने गए हैं। वह चौथी बार विधायक बने हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने वाले सुक्खू ने एक आक्रमक राजनीति करने वाले कांग्रेस नेता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है।
10 साल तक हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहने वाले सुक्खू को बाद में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके पास संगठन में काम करने का लंबा राजनीतिक अनुभव है। उनके कद का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस बार उन्होंने भाजपा के गढ़ रहे हमीरपुर जिले से कांग्रेस को 05 में से 04 सीटें जिताकर दीं।
Keep up with what Is Happening!