
केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इच्छाशक्ति को विकास का मूलमंत्र बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना, परियोजना में क्या लागत आएगी, यह बड़ा सवाल नहीं है बल्कि इच्छाशक्ति का होना बहुत जरूरी है।
आंखें दान दी जा सकती हैं लेकिन विकास की दृष्टि नहीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भागीरथ प्रयासों से मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से विकसित राज्य बन गया है। मध्य प्रदेश में 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के आग्रह पर जबलपुर में लॉजिस्टिक पार्क स्वीकृत करने की घोषणा की।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी सोमवार को जबलपुर में आयोजित सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 4054 करोड़ की लागत से कुल 214 किमी. लम्बी आठ सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इस मौके पर उन्होंने आधा दर्जन मांगों को मंजूरी देते हुए विकास की नई सौगातें भी दी, जिसका लाभ दमोह, सागर, सिवनी, बालाघाट, कटनी, डिण्डोरी सहित समूचे मध्य भारत को मिलेगा।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जबलपुर में विकास की अपार संभावनाओं को मूर्त रूप देने के लिये केन्द्र सरकार से हमेशा सहयोग मिलेगा। यहां शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, रोजगार सहित अन्य सभी सेक्टर्स में विकास को गति मिलेगी।
जबलपुर नगर में एम्पायर टॉकीज से कटंगा, साउथ एवेन्यू मॉल से ग्वारी घाट-गुरुद्वारा तक रोप-वे को मंजूरी दी जा रही है। साथ ही सिविक सेंटर से मालवीय लार्डगंज, बड़ा फुहारा, बल्देव बाग तक फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार होते ही फ्लाई ओवर निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश में जहाँ कहीं भी लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना का प्रस्ताव देंगे, उन सबको मंजूरी दे दी जाएगी। शहपुरा-भिटोनी मार्ग को उन्नत करने और उमरिया-डुंगरिया मार्ग को रिंग रोड से जोड़ने के कार्य को स्वीकृति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय प्रह्लाद सिंह पटेल द्वारा शहपुरा-नरसिंहपुर और दमोह की सभी सड़क परियोजनाओं को जल्द ही मूर्त रूप दिया जायेगा। जबलपुर में रिंग रोड पर तैयार होने वाले आईकॉनिक ब्रिज को पर्यटन के लिये विकसित करने के लिये केन्द्र सरकार द्वारा सभी संभव मदद दी जाएगी।
गडकरी ने कहा कि जबलपुर से दमोह तक 800 करोड़ रुपये की लागत से 100 किलोमीटर 2 लेन सड़क निर्माण की मंजूरी दी गई है। इस मार्ग के लिये डीपीआर का कार्य पूरा हो गया है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
जबलपुर के आईएसबीटी से पाटन तक 2 लेन सड़क, नरसिंहपुर से सिंहपुर तक 10 किलोमीटर लंबी 4 लेन सड़क को मंजूरी दी गई है। नरसिंहपुर से श्योपुर मार्ग का डीपीआर बहुत जल्द तैयार हो जाएगा। सिवनी से बालाघाट तक 88 किलोमीटर लंबा मार्ग नया एनएच होगा।
बालाघाट से राजेगाँव तक 4 लेन मार्ग के लिये टेंडर प्रक्रिया वर्ष 2023 तक पूर्ण हो जायेगी। राजेगांव से रायपुर तक 3 हजार 500 करोड़ रुपये लागत से नया सड़क मार्ग तैयार किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि जबलपुर में बनने वाले रिंग रोड के आसपास की जमीन राज्य सरकार अधिग्रहित करे। डेव्हलपमेंट अथॉरिटी बनाये। इस जमीन पर लॉजिस्टिक पार्क, इण्डस्ट्रियल क्लस्टर और स्मार्ट सिटी का निर्माण किया जा सकता है। भेड़ाघाट में म्यूजिकल फाउंटेन बनाने में केन्द्र सरकार मदद करेगी।
गडकरी ने कहा कि जबलपुर और नागपुर के मध्य मेट्रो ट्रेन जल्दी ही शुरू की जायेगी। इसमें 8 बोगी होंगी। दो बोगी फल-सब्जियों के लिये रहेंगी। शेष छह बोगी में एक बिजनेस क्लास बोगी होगी, जिसमें हवाई जहाज की तरह सुविधाएं होंगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सड़क परियोजनाओं-रिंग रोड का निर्माण जबलपुर के सर्वांगीण विकास की गारंटी है। यह केवल रिंग रोड ही नहीं है, बल्कि युवाओं के रोजगार, उद्योग, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विकास के लिये अनेक द्वार खोलने वाली परियोजना है।
इससे महाकौशल क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जबलपुर प्रदेश के सर्वाधिक विकसित शहरों में होगा। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्तव में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
चौहान ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने देश में विकास की नई परंपरा शुरू की है। उनकी कल्पनाशीलता का लाभ सभी को मिल रहा है। उन्होंने असंभव को भी संभव बनाया है। अमृत फेज-दो में जबलपुर के लिये 720 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किये जा रहे हैं। डुमना एयरपोर्ट 421 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है।
उन्होंने आईकॉनिक ब्रिज बनाने और मॉस रेपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम को आधुनिकतम बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जन-प्रतिनिधियों के विकास एवं जन-कल्याण संबंधी कार्यों के प्रस्ताव स्वीकृति के लिये भेजे जाएंगे।
समारोह को केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव क्षेत्रीय सांसद राकेश सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
Keep up with what Is Happening!