
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के नेता और राज्यसभा के सदस्य संजय राऊत को दो बार फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस तरह की जानकारी खुद संजय राऊत ने गुरुवार को मुंबई में पत्रकारों को दी।
संजय राऊत ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार को दिन में दो बार उनके फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बारे में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया है। बताया जा रहा है कि संजय महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर मुखर होकर महाराष्ट्र का पक्ष रख रहे थे। साथ ही संजय राऊत राज्य सरकार के विरुद्ध भी बयानबाजी कर रहे थे।
इसे देखते हुए बालासाहेब की शिवसेना पक्ष के नेता और मंत्री शंभूराजे देसाई ने पत्रकार वार्ता कर राऊत को अनावश्यक बयानबाजी बंद करने चेतावनी दी थी। मंत्री शंभूराजे देसाई की पत्रकार वार्ता के बाद संजय राऊत को जान से मारने की धमकी मिलने पर जोरदार चर्चा हो रही है।
मंत्री शंभूराजे देसाई ने कहा कि संजय राऊत को बुधवार को धमकी मिली थी। इसे उन्होंने गुरुवार को बताया है। पिछले 24 घंटे तक संजय राऊत ने धमकी की खबर को क्यों छिपाया, यह शक पैदा करने वाला है।
दरअसल, संजय राऊत को वाई स्तर की पुलिस सुरक्षा मिली थी, लेकिन राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा हटा लिया है। सुरक्षा हटाए जाने के बाद राऊत ने कहा था कि अगर उन्हें कुछ भी होता है, तो इसके लिए राज्य सरकार ही जिम्मेदार रहेगी।
Keep up with what Is Happening!