
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक तरफ बीजेपी के हर घर तिरंगा अभियान को समर्थन देकर चौंकाया है तो दूसरी तरफ शुक्रवार को बड़ा आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का तिरंगा यात्रा दिखावा है। सभी को सावधान रहने की जरूरत है। इसके जरिये भाजपा दंगा भी करा सकती है। पहले कासगंज में तिरंगा यात्रा के समय दंगा कराया था। अखिलेश के बयान के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जवाब दिया है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि दंगा कराने वाले कभी तिरंगे का सम्मान नहीं कर सकते। बांटने का काम तो अखिलेश यादव ने किया है। जो कुनबा कभी सपा की ताकत था, आज वही सबसे बड़ी कमजोरी बन गया है। उनकी इसी मानसिकता की वजह से आज सपा डूबती नैया बन गई है।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा जहां से निकली है, वह लोग तिरंगा नहीं लगाते हैं। कहा कि पूरा देश जनता है कि आरएसएस ने वर्षो तक तिरंगे का सम्मान नहीं किया। अपने कार्यालयों और मुख्यालय पर तिरंगा नही लगाया।
लखनऊ में सबसे बड़ा तिरंगा झंडा समाजवादियों ने जनेश्वर मिश्र पार्क में लगाया और राष्ट्रध्वज का सम्मान किया। इसके अलावा भी कई स्थानों पर समाजवादी सरकार के समय तिरंगा ध्वज लहराया गया। भाजपा जब-जब सरकार में आती है महंगाई बढ़ा देती है। देश में इतनी महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार कभी नहीं था। भाजपा का महंगाई से कोई लेना देना नही है। आज हर चीज के दाम बढ़ा दिए हैं। दूध, दही, घी से लेकर खाने-पीने की चीजों पर पर कभी टैक्स नहीं लगा था, भाजपा ने उस पर भी जीएसटी लगाकर मंहगा कर दिया।
Keep up with what Is Happening!