
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यदि भ्रष्टाचार का कोई अवार्ड मिले तो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भ्रष्टाचार भूषण का अवार्ड मिलना चाहिए।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिन नौ दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जांच एजेंसियों की कार्यवाही पर सवाल उठाया है, उनमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित सभी भ्रष्टाचार और कदाचार के कई आरोपों में घिरे हुए हैं।
खुद को बचाने और जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से पत्र लिखकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के नौ प्रमुख विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में कहा है कि सरकार की विभिन्न जांच एजेंसियां विपक्षी नेताओं को फंसा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने पत्र पर दस्तखत किए हैं, वे खुद को बचाने के लिए सरकार पर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पत्र पर दस्तखत किए हैं।
उन्होंने कहा कि सपा अपने शासन काल में आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी रही है। सपा की अखिलेश यादव सरकार में लखनऊ में जेपीएनआईसी घोटाला, गोमती रिवर फ्रंट घोटाला, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जमीन के आवंटन में घोटाला हुआ।
Keep up with what Is Happening!