मुरादनगर हादसे का मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी भी गिरफ्तार
गाजियाबाद के मुरादनगर श्मशान हादसे के मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी को भी सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। अजय त्यागी की गिरफ्तारी के लिए सोमवार दोपहर ही 25 हजार का इनाम घोषित करते हुए पांच टीमों को लगाया गया था। पुलिस के अनुसार अजय को गाजियाबाद के बाहर से गिरफ्तार किया गया है। उसे देर रात तक पुलिस टीम गाजियाबाद लेकर आएगी। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया जा सकता है।
दर्दनाक हादसे के बाद से ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हरकत में आ गए थे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को तत्काल दोषियों की गिरफ्तारी का निर्देश देते हुए अन्य कार्रवाई में तेजी का निर्देश दिया था। हादसे के कुछ घंटे बाद ही नगर पालिका मुरादनगर की ईओ निहारिका सिंह, जेई चंद्रपाल, सुपरवाइजर आशीष को गिरफ्तार कर लिया था।
रविवार की सुबह मुरादनगर के बंबा रोड स्थित श्मशान में बना नवनिर्मित बरामदा पहली बरसात में ही धराशायी हो गया था। हादसे के वक्त बरामदे में करीब 60 लोग मौजूद थे। इस हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब इतने ही लोग घायल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी समय ईओ, जेई और सुपरवाइजर को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी और सोमवार की सुबह करीब चार बजे इन्हें गिरफ्तार कर लिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी समेत तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में 16 जनवरी तक जेल भेजने के आदेश दिया।
Keep up with what Is Happening!