UP : लखनऊ में मुख्तार अंसारी के करीबी समझे जाने वाले अजीत सिंह की गोली मारकर हत्या
बदमाशों ने मऊ जिले की एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति अजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। अजीत, बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता था।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक पॉश इलाके में खुलेआम गोलीबारी से हड़कंप मच गया। जहां बदमाशों ने मऊ जिले की एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति अजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। अजीत, बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता था।

यह वारदात लखनऊ के विभूतिखंड की है। जहां बदमाशों ने गोलीबारी करके पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों ने अपना निशाना मऊ की एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति और मुख्तार के करीबीअजीत सिंह को बनाया। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस हमले में अजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक शख्स गोली लगने से घायल हो गया।
जबकि वहां से गुजर रहा एक राहगीर भी इस गोलीबारी की चपेट में आकर घायल हो गया। उसका नाम आकाश बताया जा रहा है। उसके पैर में गोली लगी है। अजीत सिंह की सरेराह गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाश मौके से फरार हो गए।
लखनऊ के पुलिस कमिश्नर ध्रुव कुमार ठाकुर का कहना है कि करीब साढे 8 बजे और पौने 9 के बीच विभूतिखंड थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना हुई है। जिसमें अजीत सिंह नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उनके साथ मौजूद मोहर सिंह नामक शख्स घायल है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर आकाश के पैर में गोली लगी दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गई है।
मोहर सिंह ने भी पुलिस को बताया है कि हमलावर अजीत सिंह को अच्छी तरह से पहचानते थे। इस आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।घटनास्थल से कई फुटेज मिले हैं। जिनकी मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में है। बताया जाता है कि सीपू की हत्या में अजीत सिंह मुख्य गवाह था।
Keep up with what Is Happening!