Unnao case: किशोरी ने शुरू किया खाना पीना, आज दर्ज हो सकते हैं बयान, वेंटीलेटर सपोर्ट हटाया गया
उन्नाव कांड में मौत से संघर्ष कर रही तीसरी किशोरी की हालत में डॉक्टरोें को सुधार दिखा। रविवार को उसने खाना पीना भी शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि सोमवार को किशोरी के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज किए जा सकेंगे। किशोरी शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है।
अस्पताल के पीआरओ परमजीत अरोड़ा ने आईसीयू में भर्ती किशोरी की हालत में सुधार बताया है। बीते बुधवार को असोहा के एक गांव में रात खेत में दो किशोरियों के शव के साथ एक किशोरी बेसुध हालत में मिली थी। पुलिस ने उसे शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था।
अब किशोरी का वेंटीलेटर सपोर्ट हटाया गया है। इसके साथ ही रविवार को उसने खाना पीना शुरू किया है। सोमवार को मजिस्ट्रेट के सामने किशोरी के बयान दर्ज किए जा सकते हैं, जिससे असोहा कांड के कई रहस्य खुल सकेंगे।
उन्नाव के बबुरहा गांव में दोनों किशोरियों की मौत का कारण अस्पताल में भर्ती करिश्मा (काल्पनिक नाम) से एकतरफा प्रेम करने वाला पड़ोसी गांव का युवक बना। प्रेम के प्रस्ताव पर इनकार की खुन्नस के चलते आरोपी ने एक नाबालिग साथी की मदद से खेत में पहले तीनों को नमकीन खिलाई फिर जहरीला पानी पिला दिया था। शुक्रवार देर शाम आईजी लक्ष्मी सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया था कि दोनों आरोपियों ने गुनाह स्वीकार किया है।
वहीं आरोपी ने इस बात को स्वीकार किया था कि जिसे वो मारना चाहता था वो बच गई और उसने दो मासूमों की जान ले ली। आरोपी ने बताया था कि लड़की के इनकार करने के बाद वो बदले की आग में जल रहा था और किसी भी तरह से उसे मारना चाहता था।
Keep up with what Is Happening!